बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बांकीपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार नितिन नबीन ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करते हुए अपना मजबूत जनाधार साबित किया। जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत पूरी तरह बांकीपुर की जागरूक जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी सहित पूरे एनडीए नेतृत्व के प्रति आभार जताया और कहा कि संगठन की एकजुटता और मजबूत रणनीति ने यह जीत संभव बनाई है। चुनाव परिणामों के बाद जारी राजनीतिक चर्चाओं पर विराम लगाते हुए नितिन नबीन ने स्पष्ट कहा कि बिहार का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा गया था और बिहार के मुख्यमंत्री आगे भी वही रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण को अपनी प्राथमिकता रखेगी। नितिन नबीन ने कहा कि बांकीपुर के विकास की रफ्तार अब और तेज होगी और सड़क, जल, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम जारी रहेगा।

