छपरा में नीतीश कुमार का हमला — बोले, पहले शाम होते ही लोग घरों में बंद हो जाते थे

छपरा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को छपरा के नरपलिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार 24 नवंबर 2005 को बनी थी, उस वक्त बिहार की हालत बेहद खराब थी, लेकिन आज राज्य में कानून का राज है और विकास के काम तेजी से हो रहे हैं।

नीतीश कुमार ने कहा, “आप सब जानते हैं कि जब हमारी सरकार बनी थी, तब शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में डरते थे। समाज में डर का माहौल था, अपराध चरम पर था, और लोग असुरक्षा में जी रहे थे। उस समय न बिजली थी, न सड़कें थीं, न ही पढ़ाई और इलाज की कोई व्यवस्था। महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं और आम लोगों की ज़िंदगी मुश्किलों में थी।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बीते दो दशकों में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने वह काम कर दिखाया जो पहले किसी ने नहीं किया था।

नीतीश कुमार ने जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार को एक बार फिर मौका दें, ताकि बिहार को और आगे ले जाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *