मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पूरे जोश में नज़र आ रहे हैं। मंगलवार को मीनापुर में आयोजित एक विशाल जनसभा में नीतीश कुमार ने अपने पुराने अंदाज़ में विपक्ष पर तीखे वार किए और अपनी सरकार की उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त गिनाई।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में आज कानून का राज कायम है। उन्होंने याद दिलाया कि एक वक्त था जब राज्य में भय और अराजकता का माहौल था। लोग शाम होते ही घरों से निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा — “पहले हिंदू-मुस्लिम के बीच झगड़े आम बात थी, मंदिरों में चोरी और गड़बड़ी की घटनाएं होती थीं, लेकिन हमने सब खत्म किया। अब बिहार में शांति और भाईचारे का माहौल है।”
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 40 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया है। उन्होंने कहा — “हमने युवाओं के लिए नए मौके बनाए हैं, नई योजनाएं शुरू की हैं और अब हमारा लक्ष्य है अगले पांच सालों में 1 करोड़ रोजगार देना।” उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि “पहले की सरकारों ने रोजगार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वे सिर्फ बातों में माहिर थे, काम में नहीं।”
नीतीश कुमार ने आगे कहा कि बिहार ने शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जबरदस्त प्रगति की है। गांव-गांव तक सड़कें पहुंची हैं, स्कूलों में शिक्षकों की बहाली हुई है और अस्पतालों की स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने कहा — “हमने जो कहा, वो किया। और जो नहीं कहा, वो भी किया।”
विपक्ष पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा — “जो लोग पहले सत्ता में थे, उन्होंने जनता के लिए कुछ नहीं किया। वे सिर्फ चुनाव के वक्त वोट मांगने आते हैं, लेकिन हमने बिना रुके काम किया है, दिन-रात जनता की सेवा की है।”
सभा में भारी भीड़ उमड़ी थी। लोग लगातार तालियों और नारों के ज़रिए मुख्यमंत्री का समर्थन कर रहे थे। अंत में नीतीश कुमार ने जनता से अपील की — “अगर आप बिहार में शांति, विकास और रोजगार चाहते हैं, तो एक बार फिर हमारी सरकार पर भरोसा करें।

