नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गरीब ग्रामीण को एक महीने का घरेलू बिजली बिल 70 हजार रुपये थमा दिया गया। गाडरवारा तहसील की ग्राम पंचायत भौंरझिर में रहने वाले बालचंद जाटव इस भारी-भरकम बिल को देखकर पूरी तरह परेशान हैं और अब न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
बालचंद जाटव एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके घर में न एसी है, न फ्रिज, न वॉशिंग मशीन और न ही कोई अन्य महंगा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण। इसके बावजूद बिजली विभाग ने उन्हें 70 हजार रुपये का बिल जारी कर दिया। बालचंद का कहना है कि इतने बड़े बिल की कल्पना भी नहीं की जा सकती, जब घर में सामान्य उपयोग के अलावा कुछ भी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर बालचंद ने कई बार शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने ऊर्जा मंत्री उदय प्रताप सिंह से लेकर विभाग के अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। क्षेत्रीय विधायक ने भी हस्तक्षेप करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए, फिर भी कार्रवाई अधूरी ही रही। अब बालचंद ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील की है कि उनके बिजली बिल की जांच कर उसे सही कराया जाए, ताकि वह अपनी वास्तविक खपत के अनुसार ही भुगतान कर सके और इस परेशानी से राहत पा सके।

