अब बिना देरी किए भारत रत्न दिया जाए: गणतंत्र दिवस पर मायावती की केंद्र सरकार से बड़ी मांग

लखनऊ. गणतंत्र दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने केंद्र सरकार से बड़ी मांग रखी है। उन्होंने बसपा के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग करते हुए कहा है कि अब इसमें और देरी नहीं होनी चाहिए। मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारत सरकार से अपील की कि कांशीराम को शीघ्र सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाए।

मायावती ने सबसे पहले देश और दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीयों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज अपने बेहतरीन संविधान पर गर्व करने के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि ईमानदारी से आकलन किया जाए कि क्या केंद्र और राज्य सरकारें संविधान की सर्वसमाज हितैषी भावना के अनुरूप देश में राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र को मजबूत कर पाई हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि केवल बड़े-बड़े दावों और लुभावने वादों से नहीं, बल्कि वास्तविक सुधार से ही देश की ज्वलंत समस्याओं का समाधान संभव है।

मायावती ने पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्मश्री और सर्वोच्च वीरता पुरस्कार से सम्मानित सभी लोगों को भी बधाई और शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के करोड़ों गरीबों, शोषितों, पीड़ितों और उपेक्षित वर्गों को आत्मसम्मान और स्वाभिमान का जीवन देने के लिए जिन्होंने अपना पूरा जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया, ऐसे बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम को देशभर के उनके करोड़ों अनुयायियों की भावना के अनुरूप अब बिना किसी देरी के भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *