यू ट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू का एक नया वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लेकिन इस बार वो किसी सड़क या सरकारी व्यवस्था पर नहीं, बल्कि किसानों की परेशानी की आवाज बनकर सामने आई हैं। वीडियो में लीला साहू ने सीधे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने भावुक लहजे में कहा — “ओ शिवराज मामा जी, अब मध्य प्रदेश के किसानों पर दया करिए।”
दरअसल, मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लगातार हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में लगी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। लीला साहू इस वीडियो में खेतों से सड़ी-गली फसल अपने हाथों में दिखाते हुए कहती हैं — “मामा जी, यह फसल अब न खाने लायक बची है और न ही बेचने लायक। पिछले एक हफ्ते से लगातार बारिश हो रही है, लेकिन कोई अधिकारी सर्वे करने तक नहीं आया।”
उन्होंने किसानों की तरफ से मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराए और प्रभावित किसानों को मुआवजा दे। लीला साहू ने कहा — “मैं जानती हूं आप दयालु हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि आप मध्य प्रदेश के किसानों पर दया दिखाएं, क्योंकि उनकी हालत बहुत खराब है।”
वीडियो में लीला की भावनात्मक अपील साफ झलकती है। वो खेतों में खड़ी होकर कहती हैं कि किसानों की पूरी सालभर की मेहनत बर्बाद हो गई है। अब अगर सरकार मदद नहीं करेगी, तो उनके पास ना खाने को अनाज बचेगा और ना ही अगली फसल बोने के लिए बीज।
सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, और लोग लीला साहू की इस ईमानदार अपील को सराह रहे हैं। कई यूज़र्स ने लिखा — “ये आवाज हर किसान की है, उम्मीद है शिवराज मामा तक ज़रूर पहुंचेगी।”

