ग्वालियर। शहर के व्यस्त तानसेन होटल तिराहा पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक अज्ञात वाहन से सड़क पर काला तेल फैल गया और वहां से गुजर रहे बाइक सवार अचानक स्लिप होकर गिरने लगे, देखते ही देखते आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए और हालात इतने खराब हो गए कि जो लोग मदद के लिए आगे आए, वे भी फिसलकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना गुरुवार की है, जब इस व्यस्त इलाके से लगातार गुजर रहे दोपहिया वाहन सवार तेल की वजह से संतुलन खो बैठे और एक के बाद एक सड़क पर गिरते नजर आए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया और कई लोगों को चोटें आईं।
स्थिति को संभालने के लिए वहां मौजूद कुछ लोगों ने खुद ही ट्रैफिक डायवर्ट करने की कोशिश की ताकि और हादसे न हों, इसके बाद सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और बैरिकेड लगाकर तेल फैली जगह को कवर किया गया, जिससे हालात को काबू में लाया जा सका, वहीं घायलों में शामिल नितिन तिवारी ने पूरी घटना की जानकारी दी है।

