नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में चार नंबर गेट स्थित ओम साईं राम बेकरी पर फूड विभाग ने छापामार कार्रवाई की। जैसे ही टीम फैक्ट्री के अंदर पहुंची, वहां का नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए। गंदगी के बीच ब्रेड, क्रीम रोल और पेटिस तैयार की जा रही थीं। चारों तरफ फैली अस्वच्छता को देखकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और तत्काल फैक्ट्री व बेकरी को सील करने के निर्देश दे दिए।
जांच के दौरान टीम ने कई खाद्य सामग्री के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि छत पर रखी पानी की टंकी के दूषित पानी से खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि बेकरी संचालक के पास जरूरी दस्तावेज और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। नियमों की अनदेखी और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति को देखते हुए विभाग ने सख्त कदम उठाया। इस कार्रवाई में फूड अधिकारी कमलेश दियाबार और जितेंद्र सिंह राणा शामिल रहे। अब सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

