धार। मध्य प्रदेश के धार शहर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह शोभायात्रा उदाजी राव चौराहा लालबाग से प्रारंभ हुई, जहां से केसरिया ध्वज थामे महिलाएं, पुरुष, युवा और युवतियां ढोल-नगाड़ों की गूंज पर नाचते-झूमते आगे बढ़े। शोभायात्रा जैसे-जैसे शहर की गलियों और चौराहों से गुजरी, पूरा धार शहर केसरिया रंग में रंगा नजर आया और हर ओर जय-जय सियाराम और जय मां वाग्देवी के जयकारे गूंजते रहे।
इस शोभायात्रा में न सिर्फ शहर बल्कि ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बन गया। दोपहर करीब 12 बजे शोभायात्रा भोजशाला पहुंची, जहां भोजशाला परिसर में धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे प्रमुख वक्ता संबोधित करेंगे। बसंत पंचमी को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया और धार शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई। शोभायात्रा के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इधर भोजशाला में मां वाग्देवी की अखंड पूजा का क्रम लगातार जारी है। जिलेभर से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए भोजशाला पहुंच रहे हैं, जहां लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। श्रद्धालुओं की आस्था अपने चरम पर है और भोजशाला परिसर भक्तिरस में डूबा हुआ नजर आ रहा है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर भोजशाला में मां वाग्देवी की भव्य महाआरती का भी आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

