भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 दिसंबर को वन मेले का शुभारंभ करेंगे। इस वन मेले में भूटान और नेपाल के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कई राज्यों से आए प्रतिभागी शामिल होंगे। मेले में 300 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे और इसके साथ अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी राज्य वन एवं पर्यावरण मंत्री दिलीप अहिरवार ने दी है।
23 दिसंबर तक चलेगा वन मेला, शाम 5 बजे होगा उद्घाटन
राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वन मेला अपने आप में एक अनूठा आयोजन है, जिसमें देश-विदेश के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 17 दिसंबर को शाम 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका शुभारंभ करेंगे। यह मेला 23 दिसंबर तक चलेगा, जहां 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। भूटान और नेपाल के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के साथ अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
बाघों की मौत पर बोले मंत्री, प्राकृतिक कारण भी संभव
उमरिया बाघ कांड को लेकर मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि हर घटना पर सरकार लगातार नजर रख रही है और जांच भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई बार बाघों की मौत प्राकृतिक कारणों से भी होती है। मध्य प्रदेश टाइगर स्टेट है और यहां बाघों की संख्या अधिक है, इसलिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
पन्ना सफारी और NTCA मामले पर दी प्रतिक्रिया
पन्ना में कैबिनेट की सफारी और एनटीसीए से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि वहां कई पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे। इस विषय में जो भी स्थिति थी, वह सभी के सामने थी और इसमें कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है।

