ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सवर्ण समाज समन्वय समिति यानी S4 के बैनर तले सवर्ण समाज की एक बड़ी गोष्ठी आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में S4 के संस्थापक और शांभवी पीठाधीश्वर आनंद स्वरूप महाराज मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
जिला प्रशासन से सशर्त अनुमति मिलने के बाद यह आयोजन 22 फरवरी को दोपहर 12 बजे शहर के एक स्थानीय गार्डन में किया जाएगा। प्रशासन और आयोजकों के बीच लंबी चर्चा के बाद कार्यक्रम की मंजूरी मिली है। आयोजकों का दावा है कि इस गोष्ठी में हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी, जिनमें पूर्व प्रधान आयुक्त डॉ. अनूप श्रीवास्तव, पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष राजीव सिंह चौहान शामिल बताए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक अखिलेश पांडे के अनुसार गोष्ठी में यूजीसी के नए नियमों को समाप्त करने, हरिजन एक्ट के कथित दुरुपयोग को रोकने और जातिगत आरक्षण खत्म करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन को लेकर प्रशासन भी सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

