छिंदवाड़ा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह में तिरंगा फहराने के बाद परंपरा के अनुसार सरकारी स्कूलों में बच्चों के साथ मुख्य अतिथि मध्यान्ह भोजन करते हैं, लेकिन छिंदवाड़ा जिले के खजरी सरकारी स्कूल में ऐसा दृश्य सामने आया जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। यहां बच्चों के साथ भोजन करने पहुंचे प्रभारी मंत्री ने जब कमरे में भाजपा नेताओं और शिक्षकों को बैठे देखा तो वे नाराज हो गए।
छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह जैसे ही खजरी के सरकारी स्कूल में मध्यान्ह भोजन के लिए पहुंचे, उन्होंने देखा कि जिस कमरे में वे बैठे हैं वहां कुछ ही बच्चे मौजूद हैं और बाकी जगह भाजपा कार्यकर्ता और शिक्षक बैठे हुए हैं। मंत्री ने तुरंत सवाल किया कि बच्चे कहां हैं और साफ शब्दों में कहा कि यह भोजन बच्चों के लिए है, न कि हमारा या किसी और का।
मंत्री ने नाराजगी जताते हुए सभी भाजपा नेताओं और शिक्षकों को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि पहले बच्चों को यहां बैठाया जाए और उन्हें भोजन परोसा जाए। इसके बाद जब सभी बच्चे कमरे में आए, तो मंत्री ने खुद उनके साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।
पुलिस परेड मैदान में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह संपन्न होने के बाद हर साल की तरह इस बार भी सरकारी स्कूल में मध्यान्ह भोजन का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन मंत्री की इस सख्ती ने यह संदेश साफ कर दिया कि बच्चों के अधिकार और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

