साउथ के फेमस स्टार यश आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनकी अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ से मेकर्स ने फैंस को खास तोहफा दिया है। फिल्म की सभी एक्ट्रेसेस के लुक सामने आने के बाद अब यश का लुक भी रिलीज किया गया है। मेकर्स ने यश के किरदार का एक टीजर और उनका लुक शेयर करते हुए फिल्म में उनका नाम भी बताया है।
धांसू अंदाज में नजर आए यश
मेकर्स के वीडियो की शुरुआत कब्रिस्तान से होती है, जहां किसी को दफनाने का सीन है। वहां मौजूद लोग हथियारों से लैस हैं। एक फ्लैशबैक स्टोरी भी दिखती है। अचानक एक कार पेड़ से टकराकर रुकती है और कार से एक शराबी उतरता है जो विस्फोटक सामग्री रखता है। धमाके शुरू होते हैं और उसी वक्त यश शर्टलेस, लॉन्ग कोट पहने और बंदूक लेकर धमाकेदार अंदाज में वहां से निकलते हैं। फिल्म में यश का नाम ‘राया’ बताया गया है। मेकर्स ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, ‘टॉक्सिक से प्रस्तुत करते हैं राया।’
सभी एक्ट्रेस के लुक आ चुके हैं सामने
फिल्म ‘टॉक्सिक’ से अब तक पांच एक्ट्रेसेस के लुक सामने आ चुके हैं, जिनमें कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, नयनतारा और रुक्मणी वसंत शामिल हैं। यह फिल्म गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी है और 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फैंस बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।

