पन्ना। Panna शहर के Kotwali Police Station क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां आंगनवाड़ी केंद्र में टीकाकरण के बाद डेढ़ माह के मासूम की तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश और इलाके में मातम का माहौल है।
परिजनों का आरोप है कि आंगनवाड़ी केंद्र में टीकाकरण के दौरान एएनएम ने बच्चे को एक साथ तीन इंजेक्शन लगा दिए थे। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद मासूम की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घबराए परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
वहीं आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ताओं का कहना है कि टीकाकरण से पहले बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था। इंजेक्शन लगने के बाद अचानक उसकी हालत खराब हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि इस घटना के पीछे असल वजह क्या है, यह उन्हें भी पता नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

