पटना में सीएम योगी की गरज – बोले, ‘2026 तक नक्सलवाद होगा खत्म, स्वर्णिम बिहार का सपना केवल एनडीए ही साकार कर सकता है’

पटना। पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब मंच संभाला, तो माहौल जोश से भर उठा। भीड़ के नारों के बीच योगी ने महागठबंधन पर सीधा हमला बोला और कहा कि राजद और कांग्रेस ने बिहार को लूट-खसोट, जातीय संघर्ष और अराजकता की आग में झोंक दिया था। जिन लोगों ने बिहार की पहचान पर संकट खड़ा किया, वही आज फिर वोट मांगने की हिम्मत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव के शासनकाल में छह दर्जन से अधिक जातीय नरसंहार हुए, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा खत्म थी, और गरीबों का अन्न तक लूट लिया गया था।

योगी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के शासन में बिहार का नाम बदनाम हुआ, लेकिन आज बिहार फिर से अपने स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा और करोड़ों गरीबों को घर, शौचालय और गैस कनेक्शन मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी लोकतंत्र पर हमला हुआ, बिहार ने हमेशा आवाज उठाई। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में बिहार के नौजवानों ने कांग्रेस की तानाशाही को उखाड़ फेंका था, और अब वही भावना फिर से एनडीए के साथ दिखनी चाहिए। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि महागठबंधन अब ‘तीन बंदरों’ की तरह है—एक पप्पू, एक टप्पू और एक अप्पू। एक सही से बोल नहीं सकता, दूसरा देख नहीं सकता, और तीसरा सुन नहीं सकता।

नक्सलवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत से मार्च 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि बिहार में माले जैसी पार्टियों को दोबारा सिर न उठाने दें, क्योंकि ये लोग माफिया प्रवृत्ति और अराजकता को बढ़ावा देते हैं।

योगी ने एनडीए उम्मीदवार संजीव चौरसिया को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि स्वर्णिम बिहार का सपना केवल एनडीए ही पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों विरासत और विकास की दिशा में साथ आगे बढ़ रहे हैं। अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है, सीतामढ़ी में मां जानकी का मंदिर बन रहा है, और अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने के लिए 6,155 करोड़ रुपये की फोर लेन सड़क स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि बिहार अब मेट्रो, एयरपोर्ट, एनआईटी, आईआईएम, एम्स और स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा है और जल्द ही सेमीकंडक्टर हब की दिशा में कदम बढ़ाएगा। यह नया बिहार है, जिस पर पूरा भारत गर्व कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार ने बिहार और यूपी दोनों में विकास की रफ्तार को नई ऊंचाइयां दी हैं। मैं पहले गोरखपुर से दरभंगा आने में 16 घंटे लगाता था, अब लखनऊ से 45 मिनट में पहुंच जाता हूं — यही है डबल इंजन की ताकत। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम बिहार के लिए फिर से एनडीए की सरकार बनाना जरूरी है, ताकि बिहार घुसपैठियों का धर्मशाला न बने और अराजकता के दौर में वापसी न हो। अंत में उन्होंने वादा किया कि अगर एनडीए सत्ता में आई, तो दीघा की 1024 बीघा भूमि विवाद का समाधान छह महीने के भीतर कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *