शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर ब्लॉक से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एकीकृत शासकीय हाईस्कूल मांझीटोला मोहनी में परीक्षा के दौरान छात्रों को खुलेआम नकल कराई जा रही थी। हैरानी की बात यह है कि यह सब चोरी-छिपे नहीं बल्कि क्लासरूम के ब्लैकबोर्ड पर उत्तर लिखकर कराया जा रहा था। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह मामला कक्षा 9वीं की गृह परीक्षा का है, जहां हिंदी विषय के पेपर के दौरान शिक्षक खुद ही बोर्ड पर प्रश्नों के उत्तर लिखते नजर आए और छात्र उन्हें देखकर अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में लिखते रहे। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि परीक्षा हॉल में ही सामूहिक नकल कराई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कक्षा 9वीं की गृह परीक्षा के दौरान अतिथि शिक्षक वीरेंद्र पटेल, जो हिंदी विषय पढ़ाते हैं, छात्रों को उत्तर पुस्तिका से नकल कराते हुए दिखाई दिए। आरोप यह भी है कि यह सब सहायक केन्द्राध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह कंवर, जो माध्यमिक शिक्षक हैं, उनके मार्गदर्शन में किया जा रहा था। इसी दौरान किसी छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
इस घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने और बेहतर परिणाम लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ शिक्षक ऐसे गलत तरीकों का सहारा लेकर छात्रों को पास कराने की कोशिश कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की नकल न सिर्फ शिक्षा की गुणवत्ता को कमजोर करती है बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ है।
वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि अभी तक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

