फिर खाक हुए पंडाल: माघ मेला परिसर के सेक्टर 6 में भीषण आग, शिविर जलकर राख, तीन लाख रुपये नकद भी स्वाहा

प्रयागराज.माघ मेला क्षेत्र में एक बार फिर आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार तड़के करीब चार बजे मेला परिसर के सेक्टर छह में स्थित श्री परांकुश वैष्णव सेवा आश्रम के शिविर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही पूरे शिविर में अफरा-तफरी मच गई। अंदर सो रहे लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक शिविर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। इस हादसे में शिविर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए।

आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शिविर पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि माघ मेला क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 16 जनवरी को गणपति और अन्नपूर्णा मार्ग चौराहे के पास पुराने रेलवे पुल के समीप एक कैंप में आग लगी थी। उस दौरान भी दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टेंट पूरी तरह जल चुके थे। वहां रह रहे कल्पवासियों के अनुसार शिविर में अखंड ज्योति जल रही थी।

वहीं, तीन दिन पहले 13 जनवरी को भी मेला परिक्षेत्र के सेक्टर पांच स्थित नारायण शुक्ला धाम शिविर में आगजनी की घटना हुई थी। आग की लपटें दूर तक दिखाई दी थीं। उस शिविर में करीब 15 टेंट लगे थे, जिनमें लगभग 50 कल्पवासी रह रहे थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग बुझा दी थी और उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ था। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने माघ मेला की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *