खंडवा। मेडिकल कॉलेज सह-जिला अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चौथी मंजिल से एक मरीज नीचे गिर गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्टाफ और परिजन आनन-फानन में घायल मरीज को इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा वार्ड में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान चीरा खदान निवासी सुरेश के रूप में हुई है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी रूम भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक सुरेश को 3 जनवरी की रात करीब 1 बजे मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसके बाएं पैर और सिर में पहले से चोटें थीं, जिसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में रखा गया था।
मृतक के परिजनों ने इस घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। सुरेश की पत्नी स्मृति बाई का कहना है कि मरीज के पास उस समय सभी परिजन मौजूद थे। कुछ देर के लिए जब वे पानी लेने बाहर गए, तभी सुरेश चौथी मंजिल से गिर गया और उसकी जान चली गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतनी देर के लिए भी डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ मरीज की निगरानी नहीं कर सकते थे। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

