जबलपुर। मध्यप्रदेश में बीजेपी सरकार के बीच उनकी ही पार्टी के नेता से रंगदारी मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, हालात ये हैं कि बीजेपी के राज में बीजेपी नेता ही खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और शिकायत के बाद भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कैंट थाना क्षेत्र के पेंटिनका इलाके में बीजेपी बूथ अध्यक्ष और पूर्व जिला मंत्री आशीष काटकर की दवा दुकान में बदमाश हथियार लेकर घुस आए और खुलेआम धमकी देते हुए बोले कि दुकान चलानी है तो हर महीने 50 हजार रुपये देने होंगे, बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर इलाके में दहशत फैला दी।
पीड़ित नेता का कहना है कि आरोपी इलाके के ही बदमाश चिंटू रजक और रोशन ठाकुर हैं जिन्होंने दुकान में घुसकर रंगदारी मांगी और पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
हैरानी की बात ये है कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

