’10 करोड़ दो वरना मरने के लिए तैयार रहना’ सतना के कारोबारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, मुंबई में FIR दर्ज

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के शिवराजपुर निवासी कारोबारी रुद्र त्रिपाठी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और कहा कि पैसे दो, वरना मरने के लिए तैयार रहना। यहां तक कि उसने यह भी कहा कि कॉल रिकॉर्ड कर पुलिस को देना हो तो दे सकते हो।

धमकी मिलने के बाद रुद्र त्रिपाठी ने मुंबई के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार 10 करोड़ रुपये की उगाही की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एफआईआर के मुताबिक 11 फरवरी को रुद्र त्रिपाठी जब अपने गृह ग्राम शिवराजपुर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, तभी उन्हें व्हाट्सएप पर कई कॉल आईं। कॉल करने वाले ने बार-बार 10 करोड़ रुपये देने की मांग की और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी। फोन करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया।

20 फरवरी को भी एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से चार बार व्हाट्सएप कॉल की गई। कॉल रिसीव न करने पर दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर एक ऑडियो क्लिप भेजी गई, जिसमें फिर से जान से मारने की धमकी दी गई थी।

नौपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अभय चंद्रनाथ महाजन के अनुसार शिकायत, व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो क्लिप के आधार पर जबरन वसूली सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच जारी है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *