हेमंत कटारे पर PCC चीफ का बड़ा बयान, ट्रेड डील और राहुल गांधी के दौरे पर गरमाई सियासत

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में हेमंत कटारे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच जीतू पटवारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि हेमंत कटारे अपने पद पर हैं और उपनेता प्रतिपक्ष बने हुए हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट से सारी स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। पटवारी ने कहा कि कटारे ने कहीं भी इस्तीफे की बात नहीं लिखी है, वे उपनेता थे और उपनेता ही रहेंगे।

विधानसभा में विवादित बयान को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका नहीं बल्कि पूरे मध्य प्रदेश, युवाओं, महिलाओं और आदिवासियों का अपमान है और यह माफी योग्य नहीं है।

इधर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने ट्रेड डील और राहुल गांधी के दौरे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि 1965 और 1971 के दौर में अमेरिका ने खाद्यान्न आपूर्ति रोकी थी, जिसके बाद हरित क्रांति के जरिए देश आत्मनिर्भर बना। उनका आरोप है कि मौजूदा ट्रेड डील से फिर वैसी ही खतरनाक स्थिति बन सकती है। सोयाबीन और कपास जैसे उत्पाद यदि अमेरिका से आयात किए जाएंगे तो देश के किसानों और छोटे व्यापारियों पर गंभीर असर पड़ेगा और लाखों छोटे उद्योग बंद होने की कगार पर आ सकते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या किसी दबाव या अन्य मामलों के कारण यह डील की जा रही है। उन्होंने कहा कि 24 तारीख को भोपाल से जनजागरण और आंदोलन की शुरुआत की जाएगी और देशभर में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

उमंग सिंघार ने यह भी कहा कि यह डील देशहित में नहीं है और इसके पीछे कई सवाल खड़े होते हैं। उनका आरोप है कि देश का किसान अभी समृद्ध नहीं हुआ, लेकिन सरकार अमेरिकी किसानों को फायदा पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि देश में कपास, दलहन और डेयरी उत्पाद पर्याप्त मात्रा में हैं तो बाहर से आयात की क्या जरूरत है।

बताया जा रहा है कि 24 तारीख को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भोपाल पहुंचेंगे, जहां से किसान संवाद और आंदोलन की रणनीति को आगे बढ़ाया जाएगा। जीतू पटवारी ने कहा कि विदिशा और बुधनी से भी यात्राएं निकाली जाएंगी और विधानसभा में ट्रेड डील का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। मध्य प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे पर टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *