थाने के बाहर फिनाइल पीने से मचा हड़कंप, बधाई विवाद में किन्नरों की खौफनाक कोशिश

मध्य प्रदेश में एक बार फिर किन्नरों द्वारा जहर पीकर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है. नर्मदापुरम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ किन्नरों ने सिटी थाने के बाहर फिनाइल पी लिया. हालत बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

बधाई के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक इटारसी क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों के बीच लंबे समय से बधाई मांगने के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. इससे पहले भी दोनों गुटों के झगड़ों में पुलिस हस्तक्षेप कर चुकी है और दोनों पक्षों पर मामले दर्ज किए गए थे. शनिवार शाम विवाद बढ़ने पर एक गुट के तीन सदस्य सिटी थाने पहुंचे और बोतल से फिनाइल पीते हुए थाने के अंदर घुस गए.

पुलिस के सामने बिगड़ी हालत, अस्पताल में भर्ती
इस घटना को देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने बिना देरी किए सभी किन्नरों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
थाने के बाहर हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसे हालात क्यों बन रहे हैं. गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर में 24 किन्नरों द्वारा फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आ चुका है, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *