भोपाल। मध्यप्रदेश के दतिया जिले से कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के विवादित बयान के बाद सियासी घमासान जारी है। कांग्रेस ने जहां इस बयान से दूरी बनाते हुए इसे व्यक्तिगत टिप्पणी बताया, वहीं बीजेपी ने इसे लेकर तीखा हमला बोला। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान ने इस पूरे विवाद की दिशा बदल दी है।
दिग्विजय सिंह ने फूलसिंह बरैया का बचाव करते हुए कहा कि विधायक ने जो कहा वह उनके निजी विचार नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरैया ने पटना यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर द्वारा लिखी गई किताब का हवाला दिया था और वही बात उन्होंने कोट की थी।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसे बरैया का बयान बताना गलत है क्योंकि यह किताब में लिखा हुआ था। ऐसे में अगर किसी पर कार्रवाई होनी चाहिए तो वह किताब लिखने वाले पर होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक उस लेखक के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि खुद फूलसिंह बरैया साफ कर चुके हैं कि वे उन विचारों से सहमत नहीं हैं और उनका विरोध करते हैं। दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा और तेज हो गई है।

