राहुल गांधी के साथ दिखे फूलसिंह बरैया, बीजेपी का सियासी हमला बोले- यह सहमति है या स्वीकारोक्ति

भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों मध्य प्रदेश दौरे पर हैं और इंदौर यात्रा के दौरान उनके साथ विवादित बयान देने वाले कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया की मौजूदगी ने सियासत को और गरमा दिया है। बरैया के बयान को लेकर पहले से हमलावर बीजेपी ने अब राहुल गांधी के साथ उनके दिखने पर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है और इसे सहमति या स्वीकारोक्ति करार दिया है।

इस मामले में बीजेपी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर तीखा बयान देते हुए लिखा कि अब यह साफ हो गया है कि महिलाओं और एससी-एसटी समाज के प्रति दूषित, विकृत और कुंठित मानसिकता सिर्फ बरैया की नहीं, बल्कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पूरी कांग्रेस की सोच है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को वास्तव में आपत्ति होती तो बरैया के साथ मंच साझा ही नहीं किया जाता।

आशीष अग्रवाल ने आगे लिखा कि कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए, खासकर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को, जो महिला सम्मान की बातें तो करती हैं लेकिन अपनी ही पार्टी की अपराधी मानसिकता पर पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने कहा कि यह चुप्पी अब सिर्फ मौन नहीं रही, बल्कि समर्थन बन चुकी है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि नारी देवी है, कोई राजनीतिक औजार नहीं और इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *