अनूपपुर में दूसरी बार उतरी PM श्री एयर एंबुलेंस, किडनी फेल मरीज को मिली नई जिंदगी की उम्मीद

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक बार फिर PM श्री एयर एंबुलेंस ने जिंदगी बचाने की बड़ी भूमिका निभाई है। 55 वर्षीय विश्वनाथ गोस्वामी, जिनकी किडनी फेल हो चुकी थी और लगातार डायलिसिस के बाद भी हालत बिगड़ती जा रही थी, उन्हें अनूपपुर से एयरलिफ्ट कर सीधे भोपाल एम्स भेजा गया है। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उच्च स्तरीय इलाज की जरूरत बताई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर PM श्री एयर एंबुलेंस को अनूपपुर के एकलव्य विद्यालय के मैदान पर उतारा गया।

जिला अस्पताल की मेडिकल टीम—डॉ. एस.आर. परस्ते, डॉ. एस.सी. रॉय, डॉ. प्रवीण शर्मा, डीआर एनपी माझी और लैब टेक्नीशियन भाई लाल पटेल—की निगरानी में मरीज को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी ने बताया कि मरीज की हालत बेहद नाजुक थी और तेजी से बेहतरी के लिए एम्स भोपाल में एडवांस उपचार जरूरी था। यही वजह है कि बिना देरी किए पीएम श्री एयर एंबुलेंस को सक्रिय किया गया और मरीज को तुरंत रवाना किया गया।

गौर करने वाली बात यह है कि पिछले पाँच दिनों में यह दूसरा मामला है जब अनूपपुर से किसी गंभीर मरीज को PM श्री एयर एंबुलेंस सेवा के जरिए एम्स भोपाल भेजा गया है। इससे पहले 28 नवंबर को लकवाग्रस्त मरीज को भी इसी सेवा ने नई उम्मीद दी थी। अनूपपुर प्रशासन की तत्परता और PM श्री एयर एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि समय पर उठाया गया कदम, किसी की ज़िंदगी बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *