रीवा में पुलिस पर हमला, नशे में धुत युवकों ने बीच सड़क किया बवाल, Video वायरल

 रीवा। मध्य प्रदेश के Rewa से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नशे में धुत कुछ युवकों ने बीच सड़क पर पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट कर दी और हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक पुलिसकर्मियों से भिड़ जाते हैं और उन्हें सड़क पर पटक-पटककर पीटने लगते हैं, देखते ही देखते मामला इतना बढ़ जाता है कि दोनों पक्षों के बीच गुत्थम-गुत्था, धक्का-मुक्की और जमकर हंगामा शुरू हो जाता है।

वीडियो के एक हिस्से में नजर आता है कि एक युवक को काबू में करने के लिए दो-दो पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ मौके पर मौजूद लोग चिल्लाते हुए पुलिस पर ही आरोप लगाते नजर आते हैं कि पुलिसकर्मी खुद नशे में हैं और जबरदस्ती लोगों को उठा रहे हैं।

सड़क पर इस तरह की मारपीट और हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले को लेकर एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि उस समय पुलिस बल की कमी थी क्योंकि अधिकतर पुलिसकर्मी चेकिंग और गश्त में लगे हुए थे, इसी दौरान कुछ लोग नशे की हालत में पुलिस से उलझ गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट करने लगे।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *