शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में फिजिकल थाना पुलिस ने शादी और महिलाओं से दोस्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर्स का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अवैध मैट्रिमोनियल कॉल सेंटरों पर छापा मारा, जहां से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार आरोपी मौके से फरार हो गए।
टीआई नम्रता भदौरिया ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग यूनिक रिश्ते डॉट कॉम और शादी मैचिंग डॉट कॉम नाम की ऑनलाइन साइट्स के जरिए लोगों को शादी और लड़कियों से दोस्ती का लालच देकर उनसे मोटी रकम ऐंठ रहे हैं। आरोपी शादी का वादा कर विश्वास में लेते थे और फिर धोखाधड़ी कर पैसे वसूल लेते थे।
पुलिस ने कॉल सेंटर से जुड़े दस्तावेज और अन्य सबूत भी जब्त किए हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस ठगी नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।

