जबलपुर में सरेराह पुलिसकर्मी की पिटाई पत्नी के साथ अवैध संबंध का दावा पति और साले ने बीच सड़क की धुनाई वीडियो वायरल

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक पुलिसकर्मी के साथ सरेआम मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में बीच सड़क उसकी जमकर पिटाई की गई।

बताया जा रहा है कि गुस्साए पति ने अपने साले के साथ मिलकर पुलिसकर्मी को कॉलर पकड़कर चप्पलों से पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तमाशबीन बनकर जमा हो गए।

यह पूरी घटना जबलपुर के सिविक सेंटर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां कथित तौर पर पति ने अपनी पत्नी को पुलिसकर्मी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था।

इसी के बाद भड़के पति और उसके साले ने बीच सड़क पुलिसकर्मी को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसका वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया और अब वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो लोग पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़े हुए हैं और चप्पलों से उसकी पिटाई कर रहे हैं, वहीं बीच सड़क एक वर्दीधारी को पिटते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मामले को लेकर लार्डगंज थाना के एसआई श्रीराम सनोदिया का कहना है कि यह एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला है और दोनों पक्ष थाने पहुंचे हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अगर किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *