भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा के बजट सत्र से पहले सियासत तेज हो गई है और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सरकार और मंत्रिमंडल पर तीखा हमला बोला है, पत्र में उन्होंने कहा कि बजट सत्र में ऐसे मंत्री मौजूद रहेंगे जिनकी भूमिका और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो चुके हैं।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह पर देश की बेटी और भारतीय सेना के अपमान जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, छिंदवाड़ा में जहरीली सिरप से मासूम बच्चों की मौत हुई लेकिन स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला अब भी पद पर बने हैं, इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान गई और कैलाश विजयवर्गीय भी सरकार में शामिल हैं, उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों के बावजूद मंत्रियों का पद पर बने रहना शर्मनाक है और राज्यपाल के अभिभाषण में हकीकत से दूर आंकड़ों का आडंबर पेश किया जाएगा।
कांग्रेस ने बजट सत्र से पहले प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा है, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार पर करीब पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और हर व्यक्ति पर लगभग साठ हजार रुपये का बोझ पड़ रहा है, उन्होंने सवाल उठाया कि जिन विभागों में दूषित पानी और जहरीली सिरप से मासूमों की मौत हुई उनके मंत्रियों को बजट देने का क्या औचित्य है, उन्होंने कहा कि ऐसे हालातों के खिलाफ विधानसभा सत्र के दौरान किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार के पास धन की कमी है और प्रदेश की 29 योजनाएं बंद हो चुकी हैं, किसानों, कर्मचारियों, ट्रेड यूनियनों, पेंशनरों, युवाओं और महिलाओं में असंतोष बढ़ रहा है और हर वर्ग प्रदर्शन कर रहा है, कांग्रेस ने साफ किया है कि बजट सत्र के दौरान प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति और जनसमस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी है।

