मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के शेष हिस्सों के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने देश के एक महत्वपूर्ण वैश्विक आयोजन को अपनी राजनीति का मंच बना दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को उनसे व्यक्तिगत विरोध हो सकता है, लेकिन देश के सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनसे नफरत करते हैं, उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां करते हैं, यहां तक कि परिवार को भी निशाना बनाते हैं। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में अपराधी बेखौफ घूमते थे, जबकि आज योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जिस AI ग्लोबल समिट को लेकर विवाद खड़ा किया गया, वह किसी पार्टी का नहीं बल्कि देश का कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश की गरिमा सर्वोपरि होनी चाहिए और जनता सब देख रही है।

