भोपाल। राहुल गांधी द्वारा वीबी जी राम जी योजना का नाम ठीक से नहीं ले पाने पर मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है और कांग्रेस व बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी जहां इसे भगवान श्रीराम से दूरी बताकर हमला कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रही है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा कि बीजेपी जनता के मुद्दों को खत्म करना चाहती है, इसलिए ऐसे तर्क गढ़े जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस की भगवान श्रीराम में पूरी आस्था है और वे हमारे आराध्य हैं, लेकिन बीजेपी राम और गांधी को आमने-सामने खड़ा कर राजनीति करना चाहती है। कुणाल चौधरी ने सवाल उठाया कि बीजेपी बताए मनरेगा मिशन का नाम क्यों रखा गया और उस योजना में गरीबों का पैसा क्यों नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि नई योजना से राज्य पर आर्थिक बोझ पड़ेगा और बीजेपी बताए कि क्या मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत है कि वह इस योजना को चला सके।
वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस, आप और गांधी परिवार सनातन विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके पूर्वजों ने भगवान राम को कल्पना बताने के लिए न्यायालय में हलफनामा दिया था और आज राम का नाम लेने से भी संकोच किया जा रहा है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हिंदू समाज ऐसी कांग्रेस को कभी स्वीकार नहीं करेगा और यह मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति का परिणाम है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भगवान का अपमान करने वालों को देश से माफी मांगनी चाहिए और हिंदुस्तान उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

