छिंदवाड़ा में सियासी टकराव, भाजपा का कांग्रेस भवन घेराव ऐलान, पुलिस की सख्त नाकाबंदी

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कांग्रेस और बीजेपी के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस भवन घेरने के ऐलान के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस भवन के आसपास कड़ी नाकाबंदी कर दी है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस भवन के घेराव की घोषणा की थी, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। कांग्रेस भवन के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और रिजर्व फोर्स तैनात की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

जानकारी के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की तैयारी में हैं। वहीं प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पदाधिकारी भी कांग्रेस भवन में मौजूद हैं। कांग्रेस ने भाजपा के इस कदम को लोकतांत्रिक अधिकारों पर दबाव की राजनीति करार दिया है।

दोनों दलों के आमने-सामने आने की आशंका के बीच शहर का माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि यह सियासी घमासान किस दिशा में आगे बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *