डेढ़ करोड़ की बिजली लाइन में सियासत का करंटः नेता के भूखंड के लिए बदला गया हाईटेंशन का रास्ता, ग्रामीणों ने काम रुकवाया

शहडोल। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर शहडोल के नगर परिषद बकहो में उस वक्त हंगामा मच गया, जब 33 केवी हाईटेंशन लाइन बिछाने के काम में राजनीतिक दबाव और नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक भाजपा नेता और उनके परिवार को फायदा पहुंचाने के लिए बिजली लाइन का तय रास्ता बदला जा रहा था, जिसे देखकर लोगों ने मौके पर ही विरोध करते हुए काम रुकवा दिया।
मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी बुढ़ार द्वारा बकहो से बुढ़ार होते हुए धनपुरी वार्ड क्रमांक दो तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी लाइन बिछाई जा रही है।
आरोप है कि स्वीकृत सर्वे में लाइन एक किनारे से जानी थी, लेकिन नेता के बकहो स्थित भूखंड के सामने से लाइन न गुजरे, इसलिए उसे मोड़कर एनएच-43 के डिवाइडर से क्रॉस कराया जा रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति हाईवे को क्रॉस कराना जानलेवा साबित हो सकता है, और इसी आशंका के चलते उन्होंने काम रुकवाया।
विवाद बढ़ने पर ठेकेदार ने कार्य रोक दिया, वहीं विद्युत वितरण कंपनी बुढ़ार के असिस्टेंट इंजीनियर सुभाष सेन ने भी माना कि मूल सर्वे में लाइन सीधे ले जाने का प्रावधान था और हाईवे क्रॉस कराने का कोई निर्देश नहीं दिया गया था।
उन्होंने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *