ग्वालियर। इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद अब प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने दावा किया है कि सरकार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है और ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए वे खुद ग्वालियर में अपनी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार भ्रमण कर रहे हैं ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
ऊर्जा मंत्री ने ग्वालियर की व्यवस्थाओं पर कांग्रेस शासित नगर सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस की नगर सरकार होने की वजह से हालात बिगड़े हुए हैं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पेयजल आपूर्ति में कोई लापरवाही न हो।
वहीं ऊर्जा मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इंदौर में भी शायद कांग्रेस की नगर सरकार थी, इसलिए वहां यह घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा मंत्री कुछ भी बोलते रहते हैं और अगर कोई उन्हें सच बोल दे तो वे खुद ही नाले में सफाई करने कूद जाएंगे।
गौरतलब है कि ग्वालियर में भी गंदे पानी की सप्लाई को लेकर नगर निगम और कलेक्टर की जनसुनवाई में हजारों शिकायतें पहले से आती रही हैं और इंदौर की घटना के बाद यह मुद्दा और ज्यादा गंभीर हो गया है, जिस पर अब सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आ रहे हैं।

