MP कांग्रेस में राज्यसभा को लेकर सियासी घमासान, दलित चेहरे की मांग तेज

भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में राज्यसभा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के दलित एजेंडे वाले बयान के बाद अब पार्टी के भीतर ही नई बहस छिड़ गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने दिग्विजय सिंह को पत्र लिखकर खाली हो रही राज्यसभा सीट पर दलित वर्ग के व्यक्ति को भेजे जाने की मांग की है। पत्र में उन्होंने अपेक्षा जताई है कि दिग्विजय सिंह इस विषय को राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने प्रमुखता से रखेंगे।

दरअसल, हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा था कि यदि एससी या एसटी वर्ग से कोई मुख्यमंत्री बनता है तो उन्हें खुशी होगी। उनके इसी बयान का समर्थन करते हुए प्रदीप अहिरवार ने यह पत्र लिखा है। उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल महीने में समाप्त हो रहा है, जिसके चलते पार्टी के भीतर संभावित नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

आंकड़ों और संख्या के हिसाब से मध्यप्रदेश से कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट मिलने की संभावना है, जिसे लेकर दिल्ली तक लॉबिंग शुरू हो चुकी है। पार्टी के भीतर कई दिग्गज नेता इस दौड़ में बताए जा रहे हैं, जिनमें कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव और मीनाक्षी नटराजन के नाम शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बार दिग्विजय सिंह के दोबारा राज्यसभा जाने की संभावना नहीं है और इस मुद्दे पर आलाकमान अपना रुख लगभग स्पष्ट कर चुका है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व राज्यसभा की इस सीट पर किस वर्ग और किस चेहरे पर दांव लगाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *