इंदौर में पत्रकार से बदसलूकी पर सियासी घमासान, जबलपुर में कांग्रेस का ‘घंटा प्रदर्शन’, कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग

जबलपुर।  मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर विवाद तेज हो गया है। इंदौर में दूषित पानी संकट पर सवाल पूछने वाले पत्रकार से कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अभद्रता का विरोध अब जबलपुर तक पहुंच गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबलपुर के कलेक्टर परिसर में प्रतीकात्मक रूप से घंटा बजाकर प्रदर्शन किया और मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

दरअसल इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से कई लोगों की मौत और सैकड़ों के बीमार होने के मामले में कैलाश विजयवर्गीय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे पत्रकार से बहस के दौरान ‘फोकट के सवाल मत पूछो’ और ‘घंटा’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते नजर आए थे। हालांकि बाद में मंत्री ने इस बयान पर खेद भी जताया, लेकिन कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है।

जबलपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीतल का घंटा बजाकर मंत्री के बयान की कड़ी निंदा की और इसे सभ्यता और संस्कृति की बात करने वाली भाजपा का असली चेहरा बताया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी ने कहा कि भाजपा के मंत्रियों को सच्चे और कड़े सवाल हमेशा चुभते हैं, इसलिए वे पत्रकारों से बदसलूकी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं और मंत्री संवेदनशीलता दिखाने की बजाय अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि कैलाश विजयवर्गीय तत्काल इस्तीफा दें और भाजपा ऐसे नेताओं पर सख्त कार्रवाई करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *