किसान महा चौपाल से पहले सियासत तेज, सीएम मोहन यादव का राहुल गांधी पर तंज

भोपाल। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे आज किसान महा चौपाल में शामिल होने राजधानी भोपाल पहुंचे, जहां भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों की आवाज बुलंद की जानी है। लेकिन कार्यक्रम से पहले ही सियासी पारा चढ़ गया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मध्य प्रदेश में स्वागत है, किसान चौपाल लगाना अच्छी बात है, लेकिन उन्हें यह भी जान लेना चाहिए कि रबी और खरीफ फसल क्या होती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के दूध उत्पादन पर भी राहुल गांधी को कुछ कहना चाहिए, क्योंकि राज्य सरकार 365 दिन किसानों के लिए काम कर रही है।

सीएम ने आगे कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए और यह बताना चाहिए कि कांग्रेस शासनकाल में 2003 तक सिंचाई का रकबा केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर क्यों रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि 55 साल में कांग्रेस ने सिंचाई के क्षेत्र में अपेक्षित काम नहीं किया, जबकि वर्तमान सरकार ने कम समय में उससे ज्यादा विस्तार किया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राहुल गांधी अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रखें और हालिया प्रदर्शनों पर उन्हें फटकार लगानी चाहिए। यह बयान उस समय आया जब कांग्रेस भोपाल के जवाहर चौक पर किसान महा चौपाल का आयोजन कर रही है। सियासत के इस संग्राम में अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि किसान महा चौपाल से क्या राजनीतिक संदेश निकलकर सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *