भोपाल: मध्य प्रदेश में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे से पहले ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा है। इस्तीफे के साथ ही सियासत भी गरमा गई है।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस में गुटबाजी और इस्तीफों का दौर शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उनके मध्य प्रदेश आने की खबर आई, वैसे ही हेमंत कटारे ने इस्तीफा दे दिया। यह सम्मान में दिया गया या अपमान में, इसका जवाब तो वही दे सकते हैं।
कटारे के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भाजपा तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन पार्टी के दरवाजे सबके लिए खुले हैं, हालांकि फिलहाल ‘नो वैकेंसी’ है। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा से निकलते समय कटारे ने मजाक में भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी से कहा था कि उन्हें भी साथ ले चलिए।
राहुल गांधी 24 फरवरी को भोपाल आने वाले हैं, जहां वे भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान सभा को संबोधित करेंगे और राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेंगे। इस पर भी रामेश्वर शर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को किसानों की फसलों तक की जानकारी नहीं है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और मनमोहन सिंह की सरकारों का जिक्र करते हुए दावा किया कि किसानों के लिए वास्तविक काम भाजपा की सरकारों ने किया है। साथ ही वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का हवाला देते हुए उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला।
राहुल गांधी के दौरे से पहले ही बयानबाजी तेज हो चुकी है और साफ है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति और गरमाने वाली है।

