नकली नोट मामले पर सियासत तेज, अखिलेश का बीजेपी पर हमला, विधायक ने दिया जवाब

लखनऊ। नकली नोटों के कथित रैकेट के खुलासे के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है, जहां समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है और कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि नकली नोट चलाने वालों की तस्वीरें बीजेपी विधायक के साथ सामने आ चुकी हैं, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अंदर नकली नोट चलाए जा रहे हैं और असली पैसा बाहर भेजा जा रहा है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखते हुए सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए और कहा कि जब सबूत सामने हैं तो फिर कार्रवाई में देरी किस बात की है, उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि कहीं इस पूरे मामले में कई लोगों की मिलीभगत तो नहीं है।

वहीं सपा मीडिया सेल की ओर से भी देवरिया के बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी को लेकर सवाल उठाए गए और मांग की गई कि क्या उनसे भी इस मामले में पूछताछ होगी।

इन आरोपों पर पलटवार करते हुए विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि वह एक जनप्रतिनिधि हैं और उनसे हर वर्ग के लोग मिलते हैं, तस्वीर खिंचवाना कोई अपराध नहीं है, उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि कौन व्यक्ति किस गतिविधि में शामिल है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और जांच एजेंसियां इस पूरे मामले का खुलासा करेंगी, साथ ही भरोसा जताया कि नकली नोट से जुड़े पूरे नेटवर्क का जल्द पर्दाफाश होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *