लखनऊ. मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों के भुगतान को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि जॉब कार्ड धारकों के करीब 85 करोड़ रुपये अब तक बकाया हैं और यह रकम गरीब परिवारों तक नहीं पहुंची है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में मनरेगा जॉब कार्ड धारकों का बड़ा भुगतान लंबित है। पार्टी का आरोप है कि मनरेगा को जमीन पर लागू करने वाले संविदा कर्मचारियों को भी पिछले छह महीनों से वेतन नहीं मिला है। त्योहार का समय नजदीक होने के बावजूद मजदूरों के घरों में आर्थिक तंगी बनी हुई है।
पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा कि मंचों से “गरीब कल्याण” की बात करने वाली सरकार आखिर मजदूरों की मेहनत की कमाई क्यों रोक रही है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि क्या यही “सबका साथ, सबका विकास” का वादा है। साथ ही पार्टी ने कहा कि वह मजदूरों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है और उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

