बीना। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना में झांसी फाटक ओवरब्रिज पर सड़क में बने गड्ढों को लेकर मामला गरमा गया है। क्षेत्र की विधायक निर्मला सप्रे ने रेलवे और सेतु विभाग के अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के मुताबिक यह ओवरब्रिज रेलवे और सेतु विभाग के संयुक्त प्रयास से कई वर्षों के संघर्ष के बाद तैयार हुआ था, लेकिन निर्माण के कुछ ही महीनों में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए। इससे वाहनों की आवाजाही में खतरा बढ़ गया और आए दिन दुर्घटनाएं होने लगीं। पार्षद बीडी रजक और स्थानीय नागरिकों ने कई बार धरना-प्रदर्शन कर मरम्मत की मांग की, लेकिन काम केवल खानापूर्ति तक ही सीमित रहा, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है और वाहन चालक लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं।
विधायक निर्मला सप्रे ने बताया कि उन्होंने कई बार रेलवे और सेतु विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर मरम्मत की मांग उठाई, लेकिन दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। विधायक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ओवरब्रिज की मरम्मत नहीं की गई तो वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचकर आंदोलन करेंगी। झांसी फाटक ओवरब्रिज क्षेत्र के लिए बेहद अहम है, क्योंकि पहले रेलवे क्रॉसिंग के कारण खतरा रहता था और अब ब्रिज बनने के बाद भी लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।

