जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के भेड़ाघाट क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन के दौरान चढ़ाए गए प्रसाद की मिठाई खाने के बाद 19 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए जिनमें 6 बच्चे और 11 महिलाएं शामिल हैं सभी मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार ने भेड़ाघाट चौराहे स्थित राजस्थान स्वीट्स से चार किलो मिठाई खरीदी थी यह मिठाई त्रिपुर सुंदरी मंदिर (हथियागढ़) में चढ़ाई गई और प्रसाद के रूप में सभी ने ग्रहण की खाने के कुछ घंटों बाद ही लोगों को उल्टी दस्त पेट दर्द और चक्कर जैसी शिकायतें होने लगीं हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन एक व्यक्ति की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है जिसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर के बड़े अस्पताल रेफर किया गया है स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मिठाई के सैंपल फूड सेफ्टी लैब में भेजे गए हैं प्रारंभिक जांच में मिठाई में बैक्टीरियल कंटेमिनेशन या एक्सपायरी की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने भेड़ाघाट थाना में दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है उनका आरोप है कि खराब या मिलावटी मिठाई की वजह से यह हादसा हुआ और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

