प्रशांत किशोर की भावनात्मक अपील – बच्चों के भविष्य और रोजगार के लिए करें वोट, कहा ये चुनाव तय करेगा बिहार की दिशा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने जनता से एक भावनात्मक अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य की दिशा तय करने का वक्त है। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के हर माता-पिता से मेरी विनती है कि वे इस बार अपने बच्चों के पढ़ाई, रोजगार और बेहतर जीवन के लिए वोट करें।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से मैं यही कह रहा हूं कि सही उम्मीदवार को वोट देना बच्चों के करियर और उनके सपनों के लिए सबसे जरूरी है। अगर अब भी बिहार के लोग सही निर्णय नहीं लेंगे, तो आने वाले वर्षों में हमारे बच्चे फिर से घर-परिवार छोड़कर दूसरे राज्यों में कम वेतन पर काम करने को मजबूर रहेंगे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि हमें ऐसा बिहार बनाना होगा, जहां बच्चे अपने परिवारों के साथ रहकर पढ़ाई और काम दोनों कर सकें। उन्होंने छठ जैसे त्योहारों का जिक्र करते हुए कहा कि जब परिवार के लोग बाहर काम करने चले जाते हैं, तो त्योहारों की खुशियां अधूरी रह जाती हैं। इसलिए इस बार मतदान सिर्फ एक सरकार चुनने का नहीं, बल्कि अपने घर-परिवार की खुशियां वापस लाने का चुनाव है।

उन्होंने कहा कि हर मतदाता को यह सोचकर वोट डालना चाहिए कि भविष्य की पीढ़ी आत्मनिर्भर, सुरक्षित और शिक्षित बन सके। प्रशांत किशोर की यह अपील बिहार के मतदाताओं के दिल को छू रही है और अब सवाल यही है कि क्या इस बार बिहार की जनता सच में अपने बच्चों के भविष्य के लिए मतदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *