प्रेग्नेंट महिला अपहरण कांड: दो लेडी आईपीएस की अगुवाई में जंगलों में चला बड़ा सर्च ऑपरेशन

ग्वालियर के गुर्जा गांव से गर्भवती महिला के अपहरण के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी योगी उर्फ योगेंद्र गुर्जर और उसके साथियों की तलाश में पुलिस दिन-रात जुटी हुई है। सबसे खास बात ये है कि इस ऑपरेशन की कमान दो महिला आईपीएस अफसरों के हाथ में है — एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल और विदिता डागर खुद अपनी टीम के साथ जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

ASP अनु बेनीवाल ने बताया कि आरोपी योगी और उसके साथियों पर ग्वालियर एसएसपी ने दस-दस हजार का इनाम घोषित किया है। वहीं योगी पहले से ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान पुलिस की वांछित सूची में है और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम पहले से घोषित था। यानी अब कुल मिलाकर वह 35 हजार रुपए का इनामी बदमाश बन चुका है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही योगी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि 8 अक्टूबर को तिघरा थाना क्षेत्र के गुर्जा गांव में योगी ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए गर्भवती महिला अंजू का अपहरण कर लिया था। पुलिस ने बाद में लंका के जंगल से एक विशेष ऑपरेशन चलाकर अंजू को सकुशल बरामद कर लिया था।

अब ग्वालियर पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस में पूरी ताकत झोंक चुकी है, और दोनों महिला आईपीएस की अगुवाई में जंगलों में लगातार तलाशी अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *