उज्जैन। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महापर्व 2028 को लेकर तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम ने मास्टर प्लान के तहत सड़कों के निर्माण का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन शहर में मास्टर प्लान के अंतर्गत कुल 27 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिन पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन 27 परियोजनाओं में से फिलहाल करीब 22 सड़कों पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। सभी सड़कों का निर्माण मास्टर प्लान में निर्धारित चौड़ाई के अनुसार किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर और सुगम बन सके। इन सभी सड़क परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 530 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने यह भी बताया कि होली पर्व के कारण एक-दो दिन के लिए निर्माण कार्य की गति थोड़ी प्रभावित हुई थी, लेकिन अब सभी निर्माण स्थलों पर फिर से पूरी टीम के साथ काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही पहले जैसी रफ्तार देखने को मिलेगी।
नगर निगम प्रशासन ने इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के लिए ठेकेदारों और इंजीनियरों को सख्त निर्देश भी दिए हैं और स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की गई है। साथ ही यह भी तय किया गया है कि कौन-सी सड़क कितने समय में पूरी होगी, इसका पूरा डेटा भी सार्वजनिक किया जाएगा ताकि काम में पारदर्शिता बनी रहे और तय समय सीमा का पालन हो सके।
नगर निगम का लक्ष्य है कि सिंहस्थ महापर्व 2028 से पहले शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया जाए, ताकि उज्जैन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके और शहर की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।

