प्रीतम लोधी के बयान पर सियासी संग्राम, कांग्रेस का पलटवार तो बीजेपी का भी तीखा जवाब

भोपाल। बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के विवादित बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि प्रीतम लोधी को संयम और तमीज में रहकर बात करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया तो कांग्रेस मुंहतोड़ जवाब देगी और फिर ऐसे लोग कहीं दिखाई भी नहीं देंगे। मानक अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी का राजनीतिक परिदृश्य लगातार गिर रहा है और राजनीति में इस तरह की भाषा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

ग्वालियर अंबेडकर प्रतिमा विवाद को लेकर 14 मार्च को दलित संगठनों के प्रस्तावित कूच पर मानक अग्रवाल ने कहा कि सरकार को इस मामले में तुरंत संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अराजकता का माहौल बनता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार बाबा साहेब अंबेडकर की सोच को दबाना चाहती है और इसी कारण इस मुद्दे का समाधान नहीं निकल पा रहा है।

भोपाल स्लॉटर हाउस में गौमांस मिलने और SIT गठन के मामले पर मानक अग्रवाल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि SIT से कुछ नहीं होगा और सरकार को तत्काल निर्णय लेकर महापौर के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले भी SIT के जरिए मामलों को रफा-दफा करती रही है और खुद गौमांस के निर्यात में शामिल है।

कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने दिग्विजय सिंह के प्रदेशभर में सक्रिय दौरों को लेकर कहा कि दिग्विजय सिंह एक अनुभवी नेता हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता सुनती है। उन्होंने कहा कि उनके सक्रिय रहने से कांग्रेस को निश्चित रूप से फायदा मिलेगा।

वहीं बीजेपी ने भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि राजनीतिक जीवन में आक्रोश व्यक्त किया जा सकता है, लेकिन वह भी संयम और सम्मान के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह लोधी भी आहत हैं और फूल सिंह बरैया के बयान से प्रदेश का एक-एक व्यक्ति आक्रोशित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रीतम का बयान उनका निजी मत है।

ग्वालियर में 14 मार्च को अंबेडकर प्रतिमा को लेकर आंदोलन पर राजपाल सिसौदिया ने कांग्रेस से अपील की कि वह आंदोलन में बहरूपिए बनकर न घुसे और किसी तरह का उपद्रव न करे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के सम्मान का काम बीजेपी सरकार ने किया है और कांग्रेस को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।

स्लॉटर हाउस और गौमांस मामले पर बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि सरकार गौवंश संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है, SIT का गठन किया गया है और CCTV समेत सभी पहलुओं की जांच हो रही है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया और दिग्विजय सिंह को मिस्टर बंटाढार बताते हुए कहा कि उनके सक्रिय होने से मध्य प्रदेश में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *