प्रियंका गांधी का बड़ा हमला — “तीन साल में गिरे 27 पुल, अब जनता को खरीदने की कोशिश, बिहार का भविष्य तुम्हारे हाथ में

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज पूर्वी चंपारण के गोविंदपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अब जनता के असली मुद्दों से भटक चुके हैं और छोटी-छोटी बातों पर बयान देने लगे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा — “प्रधानमंत्री जी अब हमारे पोस्टरों में तस्वीरों का साइज नाप रहे हैं, कहते हैं कांग्रेस ने उनका अपमान किया है। क्या देश के प्रधानमंत्री के पास करने के लिए यही बचा है?”

प्रियंका ने आगे कहा कि कल राहुल गांधी ने देश को दिखा दिया कि सरकार वोटों की चोरी कैसे कर रही है। अगर चुनाव निष्पक्ष हुआ, तो महागठबंधन की सरकार बनना तय है। उन्होंने मोदी सरकार पर करारा हमला करते हुए कहा कि पिछले तीन साल में बिहार में 27 पुल गिर चुके हैं — ये बताता है कि विकास सिर्फ कागज़ पर हुआ है, ज़मीन पर नहीं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यह वही चंपारण की धरती है, जहां से महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत की थी। आज अंग्रेज नहीं हैं, लेकिन मोदी का साम्राज्य जरूर है — जहां सब कुछ महंगा है, जनता परेशान है और अमीर और अमीर बन रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बीते 20 सालों से बिहार में एनडीए की सरकार है, लेकिन रोजगार कहां है? आधी आबादी पलायन कर चुकी है, और युवाओं को दूसरे राज्यों में जाकर काम ढूंढना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कहा — “मोदी सरकार ने देश के उद्योग अपने दो दोस्तों को सौंप दिए हैं। अब सरकारी कारखानों में नौकरी की जगह ठेकेदारी का राज है। देश की संपत्ति कुछ हाथों में सिमट गई है और आम आदमी की जेब खाली हो रही है।”

प्रियंका गांधी ने नीतीश कुमार पर भी तंज कसते हुए कहा कि अब नीतीश जी के पास कोई ताकत नहीं बची है, सरकार दिल्ली से चल रही है। प्रधानमंत्री बिहार आते हैं लेकिन बेरोजगारी, शिक्षा या महंगाई पर बात करने की बजाय पोस्टरों की तस्वीरों पर भाषण देते हैं।

महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए प्रियंका ने भावुक अंदाज़ में कहा — “मैं खुद एक महिला हूं, जानती हूं समाज का बोझ कैसे उठाना पड़ता है। मोदी जी ने महिलाओं के लिए क्या किया? अब चुनाव आया तो कह रहे हैं 10 हजार रुपये ले लो — ये जनता को खरीदने की कोशिश है।”

प्रियंका गांधी ने अपने भाषण के अंत में कहा — “जो लोग चुनाव से पहले पैसे बांट रहे हैं, उनसे सावधान रहिए। उनका मकसद सिर्फ आपका फायदा उठाना है। पैसा ले लो, लेकिन वोट सोच-समझकर देना — क्योंकि बिहार का भविष्य तुम्हारे हाथ में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *