MP के भावी शिक्षकों का प्रदर्शन, खाली पदों के बावजूद कम भर्ती पर नाराजगी

भोपाल। राजधानी भोपाल में शिक्षक वर्ग दो और तीन के करीब दो हजार अभ्यर्थी प्रदेशभर से एकजुट होकर प्रदर्शन के लिए पहुंचे। सभी अभ्यर्थी चिनार पार्क के पास इकट्ठा हुए और लोक शिक्षण संचालनालय तथा जनजातीय कार्य विभाग का संयुक्त घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में हजारों पद खाली होने के बावजूद भर्ती में सीटें बेहद कम रखी जा रही हैं, जिससे परीक्षाएं ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही हैं।

जानकारी के मुताबिक इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 13 हजार पदों पर नियुक्ति निकाली गई है, जिनमें करीब 10 हजार पद माध्यमिक शिक्षकों के और लगभग 3 हजार पद प्राथमिक शिक्षकों के हैं। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि कम से कम 25 हजार पदों पर भर्ती की जाए और इसका दूसरा चरण भी जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी, जबकि दिसंबर 2024 की स्थिति में सरकारी स्कूलों में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों की आवश्यकता बताई जा चुकी है।

मामले पर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि सरकार चयनित अभ्यर्थियों के साथ है और प्रदेश में लगातार अलग-अलग विभागों में भर्तियां निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी पद खाली हैं, वहां भर्ती की प्रक्रिया निश्चित रूप से पूरी की जाएगी और अभ्यर्थियों की मांगों पर भी अमल किया जाएगा।

वहीं कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि सरकार पूरी तरह निकम्मी हो चुकी है और सिर्फ छलावा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि न सरकार की नीयत साफ है, न मंशा और न ही कर्मचारियों से कोई सरोकार है। कर्ज में डूबी सरकार अपने फर्ज निभाने में विफल हो रही है और नए-नए लोक बनाने में लगी सरकार कर्मचारियों को परलोक पहुंचाने का काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *