अली खामेनेई की मौत पर श्रीनगर के लाल चौक में प्रदर्शन, अमेरिका के खिलाफ गूंजे नारे

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद जम्मू-कश्मीर में आक्रोश देखने को मिला है। श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में खामेनेई की तस्वीरें, पोस्टर, बैनर और ईरानी झंडे लेकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान ‘रहबर तेरे खून से इंकलाब आएगा’ जैसे नारे लगाए गए और अमेरिका तथा इजराइल के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं दी गईं। हजारों की तादाद में लोग लाल चौक पर जुटे और शिया बहुल इलाकों में भी विरोध मार्च निकाले गए। युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या सड़कों और इमामबाड़ों में दिखाई दी, जहां शांतिपूर्ण ढंग से मार्च करते हुए विरोध दर्ज कराया गया।

बताया जा रहा है कि इजराइल और अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई में तेहरान पर हमला हुआ, जिसके बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए। ईरान की सरकारी मीडिया ने खामेनेई की मौत की पुष्टि की है, जिसके बाद न केवल ईरान बल्कि अन्य देशों में भी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कश्मीर में हालात फिलहाल संवेदनशील बने हुए हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *