रायसेन। गौहरगंज के एक गांव में 6 साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे इलाके में गुस्सा भड़का दिया है, और आरोपी सलमान अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। इसी नाराज़गी के बीच बुधवार को सकल हिंदू समाज ने किन्नर समाज के साथ मिलकर गौहरगंज खेल मैदान में बड़ा धरना प्रदर्शन किया। हजारों लोग जुटे इस प्रदर्शन के खत्म होते ही भीड़ अचानक उग्र हो गई और गली-मोहल्लों, मस्जिद के आसपास, आम लोगों और यहां तक कि पुलिस बल पर भी पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जबकि पथराव में कुछ पत्रकार भी घायल हो गए। नर्मदापुरम रेंज के आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि आरोपी सलमान को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस प्रदर्शन में किन्नर समाज के साथ-साथ वे सैकड़ों महिलाएं भी शामिल हुईं, जो पिछले तीन दिनों से थाने के बाहर धरने पर बैठी थीं। हर किसी की मांग एक ही है—मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी सलमान का एनकाउंटर किया जाए।

